Ticker

6/recent/ticker-posts

पीएम मोदी आज करेंगे अयोध्या में राम मंदिर का भूमिपूजन, दोपहर 12 बजकर 44 मिनट पर है शुभ मुहूर्त, जानें हर बड़ी बात



अयोध्या:
 अयोध्या में आज होने वाले राम मंदिर भूमिपूजन की सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ''श्री राम जन्मभूमि मंदिर'' के शिलान्यास के मौके आज खुद अयोध्या में मौजूद होंगे। इसकी जानाकरी पीएमओ की ओर से भी दी गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि राम मंदिर भूमि पूजन से पहले पीएम नरेंद्र मोदी हनुमानगढ़ी में पूजा और दर्शन करेंगे।
राम मंदिर भूमिपूजन के मौके पर पीएम मोदी करेंगे एक स्मारक डाक टिकट जारी

हनुमानगढ़ी में पूजा अर्चना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ''श्री राम जन्मभूमि'' जाएंगे जहां वह 'भगवान श्री रामलला विराजमान' की पूजा और दर्शन में शामिल होंगे। बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री पारिजात का पौधा लगाएंगे और फिर भूमिपूजन करेंगे। मंदिर निर्माण की आधारशिला रखने के लिए वह एक पट्टिका का अनावरण करेंगे और इस मौके पर ''श्री राम जन्मभूमि मंदिर'' पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी करेंगे।

अयोध्या में मीलों पहले से ही भूमिपूजन को लेकर राजमार्गों पर होर्डिंग्स लगी हुई हैं। इन होर्डिंग्स में बस एक ही संदेश लिखा है कि पीएम मोदी भूमिपूजन करेंगे। अयोध्या में 4 अगस्त की रात दिवाली मनाई गई।

175 मेहमाम होंगे शामिल, राजनीतिक उपस्थिति में पीएम मोदी और सीएम योगी दो बड़े नाम

अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमिपूजन और वहां मौजूद 175 मेहमानों को देखने के लिए बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। लेकिन शिलान्यास में प्रमुख राजनीतिक उपस्थिति प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रहने वाली है।

पीएम मोदी और सीएम योगी दोनों ही इसके लिए उपयुक्त हैं क्योंकि दोनों हिन्दुत्व के प्रति अपनी अटल निष्ठा के लिए जाने जाते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी के नाते नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी की 1990 में हुई राम रथ यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

वहीं योगी आदित्यनाथ के गुरू स्वर्गीय महंत अवैद्यनाथ ने 1984 में बने साधुओं और हिन्दू संगठनों के समूह की अगुवाई कर मंदिर आंदोलन में अहम योगदान दिया था।

जानें राम मंदिर भूमिपूजन में किन-किन लोगों को मिला आने का न्योता

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के मुताबिक अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए होने वाले भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए 175 प्रतिष्ठित अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि निमंत्रण सूची भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के अलावा वरिष्ठ वकील के परासरन एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ ''निजी तौर पर चर्चा'' करके तैयार की गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह के लिए आमंत्रित किए गए 175 प्रतिष्ठित अतिथियों में से 135 संत हैं जो विभिन्न आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं और वे सभी उपस्थित रहेंगे।

चंपत राय ने कहा कि विहिप के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के भतीजे सलिल सिंघल कार्यक्रम में ''यजमान'' होंगे। साथ ही नेपाल के संतों को भी आमंत्रित किया गया है क्योंकि जनकपुर का बिहार, उत्तर प्रदेश और अयोध्या से भी संबंध है।

अयोध्या में राम जन्मभूमि निर्माण के लिए भूमिपूजन पांच अगस्त को होने वाला है। कार्यक्रम के दौरान मंच पर सिर्फ पांच लोग मौजूद होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, ट्रस्ट के प्रमुख महंत नृत्य गोपालदास महाराज, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

Post a Comment

0 Comments